
गांधीग्राम (मुजफ्फरपुर), प्रतिनिधि : गांधीग्राम में आयोजित खादी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ करते हुए दैनिक जागरण के उपमहाप्रबंधक (प्रसार) डा. रामाज्ञा तिवारी ने कहा कि गांधी के सपनों को पूरा करना हम सब का कर्त्तव्य है। इस गांधी ग्राम में आकर गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही है। यहां के कण-कण में उनकी यादें हैं। दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी धीरेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि यह वही धरती है, जहां बापू सत्याग्रह पढ़ने आए। इस धरती पर जन्म लेने वाला हर इंसान धन्य है। यह पूरा वर्ष सत्याग्रह वर्ष है। इसलिए सब को चाहिए की सत्याग्रह के प्रणेता बापू के सम्मान में दलितों, उपेक्षितों को सम्मान दें। महोत्सव को सत्याग्रह आंदोलन की कड़ी बताते हुए कहा कि शहर में इससे नया माहौल बन रहा है। तिरहुत रेंज के डीआईजी व बिहार भक्ति आंदोलन के प्रणेता अरविन्द पाण्डेय ने अपनी सुरीली आवाज से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया। श्री पाण्डेय ने जहां दिल में सच्चाई रहती है..। संदेशे आते हैं..सहित कई देश भक्ति गीत व भजन सुनाकर तालियां बटोरी। अपने गीतों की प्रस्तुति के क्रम में ही उन्होंने बिहार के सशक्तीकरण का आह्वान किया। पांडेय ने कहा कि हमें बिहारी होने पर गर्व की अनुभूति होनी चाहिए। मनुष्य वही है, जिसमें झूठ और दमन के प्रतिकार की क्षमता हो। इस मौके पर परचम के बाल कलाकार तानिया, रेशम, जुबैदा, तब्बू ने देश मेरा रंगीला-रंगीला पर भाव नृत्य प्रस्तुत कर मंत्रमुग्ध किया। ब्रह्मपुरा इप्टा की ओर से हम सब एक हैं नाटक तथा भाव नृत्य की प्रस्तुति की गयी। इसमें विजय, दुर्गेश, प्रेमप्रकाश, नितेश, शंकर एवं शाइमा ने बेहतर प्रदर्शन किया। डीआईजी के साथ सोनू सिंह के नेतृत्व में आर्गन पर सावन पटेल, पैड पर आनंद राणा, नाल पर अजय कुमार ने संगत किया। मिशन आई सांस्कृतिक दल के प्रो. बीरेन्द्र चौधरी निराला, श्रृषिराज, ग्राम निर्माण मंडल के पंकज ने भी गीत गाये। इससे पूर्व गांधी प्रतिमा पर अतिथियों ने सुती गुंडी चढ़ाकर दीप प्रज्जवलित किया। इस मौके पर बिहार खादी ग्रामोधोग संघ मातृ संस्था के अध्यक्ष लोकेन्द्र भारतीय, मातृ संस्था के मंत्री शुकदेव शर्मा, परचम की सचिव व सांस्कृतिक कार्यक्रम की संयोजक नसीमा, मिशन आई अध्यक्ष मानवाधिकार कार्यकर्ता संतोष सारंग ने अतिथियों को शाल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर दैनिक जागरण के इकाई प्रबंधक एसके सिंह, अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त तबला वादक वीरेन्द्र वर्मा, डा. कुमार नीतीन, परचम की शबनम, निकहत, पंकज सिंह आदि उपस्थित थे।